Welcome to इंडिया जागरण टुडे   Click to listen highlighted text! Welcome to इंडिया जागरण टुडे
Uncategorized

सिद्धेश्वर महादेव मंदिर में 7वें विशाल पाटोत्सव की धूम, श्रद्धालुओं का उमड़ा जनसैलाब

भक्ति, आस्था और सनातन संस्कृति के रंग में रंगा पूरा क्षेत्र, हजारों श्रद्धालुओं ने किया महाप्रसाद ग्रहण

 

जयपुर (कलवाड़ रोड, गोकुलपुरा)। कलवाड़ रोड, गोकुलपुरा स्थित प्राचीन श्री सिद्धेश्वर महादेव मंदिर में 7वें विशाल पाटोत्सव महोत्सव का भव्य आयोजन श्रद्धा, उत्साह एवं धार्मिक उल्लास के साथ संपन्न हुआ। सुबह से ही भगवान भोलेनाथ के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का जनसैलाब मंदिर परिसर में उमड़ पड़ा। “हर-हर महादेव” और “बम-बम भोले” के जयघोष से पूरा क्षेत्र शिवमय हो उठा। आसपास की विभिन्न कॉलोनियों सहित दूर-दराज़ से आए हजारों श्रद्धालु दिनभर भक्ति एवं आस्था में सराबोर रहे। मंदिर परिसर को आकर्षक विद्युत सज्जा एवं रंग-बिरंगे पुष्पों से भव्य रूप से सजाया गया। भगवान भोलेनाथ का अलौकिक पुष्प श्रृंगार श्रद्धालुओं के आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहा। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का पूजन-अर्चन कर परिवार की सुख-समृद्धि एवं विश्व कल्याण की कामना की।

दोपहर में आयोजित विशाल भजन संध्या ने पूरे वातावरण को शिवमय बना दिया। श्री कृष्णा म्यूजिकल ग्रुप, कलवाड़ रोड, जयपुर के तत्वावधान में राजस्थान के प्रसिद्ध भजन गायक सुरेश गुर्जर, अमित जैन एवं नितेश शर्मा ने भगवान भोलेनाथ की महिमा का गुणगान करते हुए एक से बढ़कर एक भक्तिमय प्रस्तुतियां दीं। भजनों पर श्रद्धालु भाव-विभोर होकर झूम उठे और नृत्य करते हुए अपनी भक्ति का अनुपम दृश्य प्रस्तुत किया।
श्री सिद्धेश्वर महादेव मंदिर विकास समिति के अध्यक्ष जगदीश प्रजापत ने बताया कि मंदिर का यह सातवाँ विशाल पाटोत्सव क्षेत्रवासियों एवं आसपास की कॉलोनियों के जनसहयोग से सफलतापूर्वक आयोजित किया गया। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की अभूतपूर्व उपस्थिति सनातन धर्म के प्रति लोगों की अटूट आस्था और विश्वास का प्रमाण है।
कार्यक्रम में पधारे सभी विशिष्ट अतिथियों का विकास समिति द्वारा माल्यार्पण, दुपट्टा एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया गया। इस अवसर पर वार्ड 47 के पार्षद एवं नगर निगम चेयरमैन विकास वरेठ, रामकुटिया धाम के 1008 श्री अच्युतम केशव दास जी महाराज, महामंडलेश्वर साध्वी श्री श्री मनोरमा जी तथा जयपुर हवामहल विधायक श्री बालमुकुंदाचार्य महाराज (हाथोज धाम) ने अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई तथा श्रद्धालुओं को सनातन धर्म के संरक्षण एवं भारतीय संस्कृति के संवर्धन का संदेश दिया।
कार्यक्रम में क्षेत्र के अनेक समाजसेवी, युवा उद्यमी, आसपास की विभिन्न कॉलोनियों की विकास समितियों के पदाधिकारी, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं जनप्रतिनिधियों ने भी अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई। सभी अतिथियों ने आयोजन की भव्यता की सराहना करते हुए मंदिर विकास समिति के सेवा कार्यों एवं सनातन संस्कृति के संरक्षण के लिए किए जा रहे प्रयासों की मुक्तकंठ से प्रशंसा की। शाम को आयोजित विशाल भंडारे में हजारों श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ का प्रसाद ग्रहण किया। पूरे आयोजन के दौरान सेवा, अनुशासन एवं व्यवस्थाओं की श्रद्धालुओं ने सराहना की। इस भव्य आयोजन को सफल बनाने में मंदिर विकास समिति के सभी पदाधिकारियों, सदस्यों, युवा कार्यकर्ताओं, स्वयंसेवकों एवं मातृशक्ति का विशेष योगदान रहा। महिलाओं ने भी सेवा, व्यवस्था एवं प्रसाद वितरण सहित विभिन्न जिम्मेदारियों का कुशलतापूर्वक निर्वहन किया।संत-महात्माओं एवं आयोजकों ने अपने उद्बोधन में कहा कि आज के समय में सनातन संस्कृति की रक्षा एवं भारतीय संस्कारों के संरक्षण के लिए नई पीढ़ी को मंदिरों और धार्मिक आयोजनों से जोड़ना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। संस्कारित युवा ही मजबूत समाज और सशक्त राष्ट्र के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। सातवें विशाल पाटोत्सव का यह आयोजन धार्मिक आस्था, सामाजिक समरसता, सेवा भावना और सनातन संस्कृति के संरक्षण का प्रेरणादायी उदाहरण बनकर क्षेत्रवासियों के लिए लंबे समय तक स्मरणीय रहेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!