श्रावण मास के प्रथम दिवस हाथोज धाम में गूंजे हर-हर महादेव के जयघोष, 5100 लीटर गंगाजल से प्रतिदिन होगा भगवान महाकालेश्वर महादेव का

जयपुर। पवित्र श्रावण मास के अवसर पर कालवाड़ रोड स्थित श्री दक्षिणमुखी बालाजी मंदिर परिसर, हाथोज धाम में विराजमान भगवान श्री महाकालेश्वर महादेव का सम्पूर्ण श्रावण मास में 5100 लीटर पवित्र गंगाजल से दिव्य रुद्राभिषेक किया जाएगा। श्री बालाजी जन कल्याण ट्रस्ट, हाथोज धाम के तत्वावधान में आयोजित इस विशेष धार्मिक अनुष्ठान का शुभारम्भ गुरुवार को श्रावण मास के प्रथम दिवस पर वैदिक मंत्रोच्चार एवं गंगाजल से रुद्राभिषेक के साथ हुआ। हाथोज धाम पीठाधीश्वर स्वामी श्री बालमुकुंदाचार्य महाराज ने बताया कि भगवान श्री महाकालेश्वर महादेव के अभिषेक हेतु 5100 लीटर पवित्र गंगाजल ऋषिकेश से मंगवाकर हाथोज धाम में सुरक्षित रूप से स्थापित किया गया है। सम्पूर्ण श्रावण मास में प्रतिदिन आने वाले श्रद्धालु भगवान महाकालेश्वर महादेव का गंगाजल से पूजन एवं रुद्राभिषेक कर पुण्य लाभ प्राप्त कर सकेंगे।उन्होंने कहा कि सनातन धर्मग्रंथों में श्रावण मास को भगवान शिव का अत्यन्त प्रिय मास माना गया है। इस पावन मास में भगवान शिव का गंगाजल से रुद्राभिषेक करने पर उनकी अनन्त कृपा प्राप्त होती है तथा भक्त के जीवन में सुख, समृद्धि, आरोग्य, शांति और आध्यात्मिक उन्नति का आशीर्वाद मिलता है। भगवान भोलेनाथ अपने भक्तों की समस्त मनोकामनाओं को पूर्ण कर उन्हें कल्याण का मार्ग प्रदान करते हैं।
स्वामी श्री बालमुकुंदाचार्य महाराज ने बताया कि हाथोज धाम गुरुकुल के वैदिक ब्रह्मचारी विद्यार्थियों द्वारा प्रतिदिन वैदिक विधि-विधान के साथ रुद्रपाठ एवं रुद्राभिषेक किया जाएगा। श्रावण मास के प्रथम दिवस से लेकर श्रावण पूर्णिमा तक भगवान महाकालेश्वर महादेव का गंगाजल से अभिषेक, रुद्रपाठ तथा संध्या काल में महाआरती का आयोजन नियमित रूप से किया जाएगा।सम्पूर्ण श्रावण मास में भगवान महाकालेश्वर महादेव का बिल्वपत्र, आक एवं धतूरे से दिव्य श्रृंगार किया जाएगा। प्रत्येक सोमवार, प्रदोष एवं अमावस्या के पावन अवसर पर भगवान महादेव की विशेष झाँकी सजाई जाएगी तथा भव्य महाआरती का आयोजन होगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं होगें।श्रावण मास के प्रथम दिवस आयोजित रुद्राभिषेक में भक्तों ने हर-हर महादेव एवं बम-बम भोले के जयघोष के साथ भगवान शिव की आराधना कर राष्ट्र, प्रदेश एवं समस्त मानवता के कल्याण की मंगलकामना की। हाथोज धाम में सम्पूर्ण श्रावण मास तक चलने वाले इस दिव्य आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह, श्रद्धा एवं भक्ति का वातावरण बना हुआ है।




