गोविंद देवजी मंदिर में पंच कुंडीय गायत्री महायज्ञ के साथ मनाया तीज महोत्सव

जयपुर। आराध्य देव गोविंद देवजी मंदिर में रविवार को महंत अंजन कुमार गोस्वामी के सानिध्य में पंच कुंडीय गायत्री महायज्ञ के साथ तीज महोत्सव मनाया गया। देव मंच पर तीज माता की काष्ठ प्रतिमा स्थापित कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। महिलाओं ने तीज माता को सुहाग सामग्री अर्पित कर अखंड सुख-सौभाग्य की कामना की, वहीं विवाह योग्य युवतियों ने अच्छे घर-वर की कामना से पूजा की।
दुल्हन की तरह सजी तीज माता की प्रतिमा श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रही। दर्शन के लिए पहुंची महिलाओं ने तीज माता के साथ मोबाइल से फोटो लेकर उत्सव की स्मृतियां संजोईं। मंदिर की सेवा अधिकारी मानस गोस्वामी ने ठाकुर राधा गोविंद देव, वेद माता गायत्री और गुरु सत्ता के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
गायत्री परिवार राजस्थान की सह समन्वयिका गायत्री कचोलिया और भक्त भूषण वर्मा ने आचार्य पीठ से विधि-विधान के साथ गायत्री महायज्ञ संपन्न कराया। पांच पारियों में 250 से अधिक श्रद्धालुओं ने विश्व कल्याण, सुख-शांति और समृद्धि की कामना के साथ यज्ञ भगवान को आहुतियां अर्पित कीं।
गायत्री मंत्र और वैदिक मंत्रोच्चार से मंदिर परिसर भक्तिमय हो उठा। श्रद्धालुओं ने परिवार और समाज के मंगल की प्रार्थना के साथ यज्ञ में आहुतियां दीं। भजन गायक बृज लाल जांगिड़ ने भजनों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया।
रविवार को गोविंद देव जी मंदिर में विशेष झूला झांकी के दर्शन हुए । ठाकुर जी को लहरिया पोशाक धारण कराई गई।




