Welcome to इंडिया जागरण टुडे   Click to listen highlighted text! Welcome to इंडिया जागरण टुडे
Uncategorized

महाकाल मोक्षधाम को संतों ने बताया अनूठा मुक्तिधाम

विधायक गोपाल शर्मा ने किया पुरानी चुंगी मोक्षधाम के जीर्णोद्धार और विकास कार्यों का लोकार्पण

 

संतों ने विधायक गोपाल शर्मा के विजन और सेवा भाव की सराहना की, कहा—अद्वितीय, अकल्पनीय और अविस्मरणीय है मोक्षधाम*

जयपुर (17 अगस्त, 2026)। पुरानी चुंगी, अजमेर रोड स्थित महाकाल मोक्षधाम में 1.25 करोड़ रुपए की लागत से कराए गए जीर्णोद्धार एवं विकास कार्यों का सोमवार को श्रावण शुक्ल पंचमी के पावन अवसर पर लोकार्पण सिविल लाइंस विधायक गोपाल शर्मा ने किया गया। ब्रह्मपीठाधीश्वर काठियापरिवाराचार्य स्वामी रामरतनदेवाचार्य महाराज, श्रीमद् जगतगुरु दिवाकर द्वाराचार्य श्रीश्री 1008 संत शिरोमणि अवधेशदास महाराज तथा राजर्षि राजेश्वर महामंडलेश्वर श्रीश्री 1008 संत लीलाधरदास महाराज संतों के पावन सान्निध्य और धार्मिक वातावरण में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
संतों ने महाकाल मोक्षधाम में हुए विकास कार्यों की सराहना करते हुए इसे अद्वितीय, अकल्पनीय और अविस्मरणीय बताया। उन्होंने कहा कि जिस सोच, संवेदना और सेवा भाव के साथ मोक्षधाम को विकसित किया गया है, वह इसे देश के अन्य मुक्तिधामों से अलग पहचान देता है। संतों ने कहा कि महाकाल मोक्षधाम को देखकर स्पष्ट होता है कि जनप्रतिनिधि यदि विजन और सेवा भाव के साथ कार्य करे तो समाज की आवश्यकताओं से जुड़े स्थान भी गरिमा और आध्यात्मिक चेतना के केंद्र बन सकते हैं। उन्होंने विधायक गोपाल शर्मा के विजन और सेवा भावना की प्रशंसा करते हुए इसे देश में अनूठे स्वरूप वाला मुक्तिधाम बताया।
इस अवसर पर विधायक गोपाल शर्मा ने कहा कि मोक्षधाम केवल अंतिम संस्कार का स्थान नहीं, बल्कि मानवीय संवेदनाओं, संस्कारों और सनातन परंपराओं से जुड़ा महत्वपूर्ण स्थल है। हमारा प्रयास है कि जयपुर के मोक्षधामों को आधुनिक सुविधाओं के साथ गरिमापूर्ण और आदर्श स्वरूप प्रदान किया जाए।

उन्होंने कहा कि वर्तमान में क्षेत्र के तीन अन्य मोक्षधामों- रामेश्वरम मोक्षधाम, सोमनाथ मोक्षधाम पंचवटी और रामनगर मोक्षधाम में भी विकास कार्य जारी हैं। अगले चरण में खातीपुरा और बृजलालपुरा स्थित दो बड़े मोक्षधामों को भी आदर्श स्वरूप में विकसित किया जाएगा। इनके प्रोजेक्ट टेंडर प्रक्रिया में हैं। उन्होंने कहा कि इन स्थानों पर आवश्यक सुविधाओं के विकास के साथ स्वच्छ, सुंदर, व्यवस्थित और श्रद्धा के अनुरूप वातावरण उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।

कार्यक्रम में क्षेत्र की विभिन्न विकास समितियों के अध्यक्षों, अजमेर रोड व्यापार मंडल, सिविल लाइंस क्षेत्र के निर्वतमान पार्षदों, पार्षद प्रत्याशियों एवं मंडल पदाधिकारियों ने विधायक गोपाल शर्मा का नागरिक अभिनंदन किया। इससे पूर्व 500 महिलाओं ने शनि मंदिर, श्याम नगर से सोडाणी स्वीट्स तक भव्य मंगल कलश यात्रा निकाली। आयोजन में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, श्रद्धालु एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!