Welcome to इंडिया जागरण टुडे   Click to listen highlighted text! Welcome to इंडिया जागरण टुडे
Uncategorized

विधायक मनमोहन भड़ाना ने उठाया आर्म्स लाइसेंस का मुद्दा, बोले—प्रक्रिया हो सरल, पात्र युवाओं को मिले 3 से 6 माह की ट्रेनिंग

 

समालखा लोकेश झा।
हरियाणा विधानसभा के अंतिम दिन समालखा विधायक मनमोहन भड़ाना ने प्रदेश में आर्म्स लाइसेंस जारी करने की प्रक्रिया को सरल बनाने और पात्र युवाओं को हथियारों के सुरक्षित संचालन का प्रशिक्षण देने का मुद्दा सदन में प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि आर्म्स लाइसेंस की प्रक्रिया जटिल होने के कारण आम लोगों को विभिन्न स्तरों पर कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ते हैं।

विधायक भड़ाना ने कहा कि जब से वह समालखा हलके से विधायक बनकर विधानसभा पहुंचे हैं, उन्हें नहीं लगता कि उनके हलके में अब तक कोई आर्म्स लाइसेंस बना होगा। उन्होंने सरकार से जानना चाहा कि पात्र लोगों को लाइसेंस जारी करने में क्या कठिनाइयां हैं और इस संबंध में केंद्र व प्रदेश सरकार की क्या गाइडलाइन है।

रोजगार से भी जुड़ सकता है लाइसेंस

भड़ाना ने कहा कि हरियाणा का युवा अपनी मेहनत और काबिलियत के लिए जाना जाता है। आर्म्स लाइसेंस का विषय केवल सुरक्षा से ही नहीं, बल्कि पात्र युवाओं के लिए रोजगार के अवसरों से भी जुड़ सकता है। उन्होंने कहा कि दिल्ली-एनसीआर में हरियाणा के बड़ी संख्या में युवा पीएसओ के रूप में सेवाएं दे रहे हैं। नियमों के तहत पात्र युवाओं को लाइसेंस मिलने से सुरक्षा क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर पैदा हो सकते हैं।

पुलिस लाइन में ट्रेनिंग का सुझाव

विधायक ने सुझाव दिया कि पात्र युवाओं को आर्म्स लाइसेंस देने की प्रक्रिया के साथ पुलिस लाइन में 3 से 6 माह की व्यवस्थित ट्रेनिंग की व्यवस्था की जाए। प्रशिक्षण में हथियारों की सुरक्षित हैंडलिंग, नियम-कानून और आवश्यक तकनीकी जानकारी के साथ फिटनेस का परीक्षण भी शामिल किया जा सकता है।

उन्होंने सरकार से यह भी अपील की कि वर्तमान आर्म्स लाइसेंस धारकों के आपराधिक रिकॉर्ड की समीक्षा की जाए, ताकि लाइसेंस जारी करने की प्रक्रिया में सुरक्षा मानकों के पालन की स्थिति स्पष्ट हो सके।

50 हजार से एक लाख युवाओं को प्रशिक्षण देने की पैरवी

मनमोहन भड़ाना ने कहा कि सरकार चाहे तो प्रदेश में 50 हजार से लेकर करीब एक लाख युवाओं को प्रशिक्षण देने की व्यवस्था शुरू कर सकती है। इससे युवाओं को सुरक्षा क्षेत्र में रोजगार के अवसर मिल सकते हैं और उनकी क्षमता का बेहतर उपयोग हो सकता है।

उन्होंने सदन के माध्यम से सरकार से मांग की कि आर्म्स लाइसेंस की प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी और पात्र लोगों के लिए सुगम बनाया जाए। साथ ही लाइसेंस प्रक्रिया के साथ सुरक्षित हथियार संचालन के प्रशिक्षण की व्यवस्था भी शुरू की जाए।

फोटो कैप्शन: सदन में आर्म्स लाइसेंस का मुद्दा उठाते विधायक मनमोहन भड़ाना।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!