गांधी-शास्त्री जयंती पर हुए विविध कार्यक्रम

नानालाल आचार्य
इंडिया जागरण टुडे
उदयपुर। सेंट पॉल स्कूल, उदयपुर में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर विद्यार्थियों द्वारा विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य विषय “सादा जीवन- उच्च विचार—सत्य, शांति और अहिंसा की शक्ति” रहा।
कार्यक्रम की शुरुआत में वरिष्ठ शिक्षकों द्वारा महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर माल्यार्पण कर दोनों महान विभूतियों के प्रति श्रद्धा व्यक्त की। विद्यार्थियों ने महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा और स्वच्छता के विचारों पर तथा लाल बहादुर शास्त्री के सादगीपूर्ण जीवन, कर्तव्यनिष्ठा और देशसेवा पर प्रभावशाली वक्तव्य प्रस्तुत किए। कार्यक्रम में विद्यार्थियों द्वारा एक्शन सॉन्ग की आकर्षक प्रस्तुति दी गई, जिसने उपस्थितजनों का मन मोह लिया। कार्यक्रम संदेश में विद्यार्थियों को महात्मा गांधी और शास्त्री के आदर्शों को जीवन में अपनाने तथा सत्य, अनुशासन, सादगी और जिम्मेदारी के साथ राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।
विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओत-प्रोत स्लोगन प्रस्तुति के माध्यम से राष्ट्रप्रेम और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश दिया। कार्यक्रम के अंत में धन्यवाद ज्ञापन के पश्चात ‘राष्ट्र रंग’ विषय पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुति दी गई। समापन अवसर पर विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने अहिंसा की शपथ लेकर गांधीजी के विचारों को अपने जीवन में उतारने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का आयोजन कक्षा सातवीं के कक्षाध्यापकों व विद्यार्थियों द्वारा किया गया।




