Uncategorized

बीजेपी विधायक संजय उपाध्याय की जल संकट को दूर करने की दूरदर्शितापूर्ण पहल,

 

1,000 से अधिक सोसायटियों में जल संचय के लिए बनवाएंगे कुएं

मुंबई। इस वर्ष औसत से कम बारिश होने के कारण समूचा महाराष्ट्र सूखे की मार झेल रहा है। मुंबई में कम बारिश और अल नीनो के प्रभाव के चलते जल संकट की आशंका के बीच बोरीवली विधानसभा क्षेत्र में वर्षा जल संचयन को बढ़ावा देने के लिए एक महत्वपूर्ण पहल करने का संकल्प लिया गया है। इसके तहत बोरीवली की 1,000 से अधिक हाउसिंग सोसायटियों में बारिश के पानी को जमा करने के लिए कुएं बनवाने की योजना है। संजय उपाध्याय ने दीपावली स्नेह मिलन कार्यक्रम में पत्रकारों को संबोधित करते हुए यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इसके अलावा बोरीवली रेलवे स्टेशन पर आधुनिक और स्वच्छ शौचालय बनाने, स्टेशन के आसपास से अतिक्रमण हटाने तथा यात्रियों की भीड़ नियंत्रित करने के लिए भी कदम उठाए जाएंगे। पश्चिमी उपनगरों में बोरीवली को एक आदर्श मॉडल बनाने की उम्मीद जताई है।
वर्तमान में मुंबई में कम बारिश और अल नीनो के प्रभाव के कारण 10 से 15 प्रतिशत पानी कटौती लागू होने की स्थिति का उल्लेख करते हुए विधायक संजय उपाध्याय ने कहा कि शहर में पानी की बचत और वर्षा जल संचयन को लेकर गंभीरता से काम करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि मुंबई में सड़कों और हाउसिंग सोसायटियों में बड़े पैमाने पर पेवर ब्लॉक लगाए गए हैं। दूसरी ओर, पेड़ों की अंधाधुंध कटाई के कारण हरित क्षेत्र प्रभावित हो रहा है और भूजल स्तर लगातार नीचे जा रहा है। ऐसे में सोसायटियों में वर्षा जल संचयन के लिए कुएं बनाने की पहल भविष्य में पानी की उपलब्धता बढ़ाने में मददगार साबित हो सकती है। इससे बारिश का पानी नालों और समुद्र में बहने के बजाय जमीन के भीतर जमा हो सकेगा और भूजल स्तर को सुधारने में सहायता मिलेगी।
संजय उपाध्याय ने पानी की बर्बादी पर चिंता जताते हुए कहा कि शहर में लोग पानी का वास्तविक महत्व नहीं समझते। एक बार शौचालय में फ्लश करने पर ही 5 से 10 लीटर पानी खर्च हो जाता है। एक परिवार में प्रतिदिन लगभग 150 से 200 लीटर पानी बर्बाद होने की स्थिति बन जाती है। दूसरी ओर, पर्याप्त जल संचयन व्यवस्था नहीं होने के कारण बारिश के दौरान अरबों लीटर पानी नालों के रास्ते समुद्र में चला जाता है। महाराष्ट्र के कई ग्रामीण इलाकों में आज भी लोगों को पीने का पानी लाने के लिए दूर तक जाना पड़ता है और पानी के टैंकरों पर निर्भर रहना पड़ता है। उन्होंने कहा कि वर्षा जल संचयन के लिए कुएं बनाना केवल वर्तमान की जरूरत नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए पानी बचाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
विधायक संजय उपाध्याय ने कहा कि बोरीवली रेलवे स्टेशन पर प्रतिदिन हजारों यात्रियों की आवाजाही होती है। यहां से मुंबई के स्थानीय यात्रियों के साथ-साथ लंबी दूरी की मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों से आने-जाने वाले यात्री भी बड़ी संख्या में सफर करते हैं। ऐसे में स्टेशन पर स्वच्छ और आधुनिक शौचालयों की सुविधा होना जरूरी है। विधायक संजय उपाध्याय के अनुसार, स्टेशन के प्लेटफॉर्म पर आधुनिक शौचालयों के निर्माण के लिए उन्होंने रेलवे प्रशासन के साथ पत्राचार शुरू कर दिया है। जल्द ही मंजूरी मिलने के बाद आधुनिक और स्वच्छ शौचालयों की सुविधा शुरू करने की दिशा में काम किया जाएगा। इसके अलावा रेलवे स्टेशन के आसपास लंबे समय से मौजूद अतिक्रमण को स्थायी रूप से हटाने और यात्रियों की भीड़ को नियंत्रित करने के लिए भी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
विधायक संजय उपाध्याय ने उम्मीद जताई कि वर्षा जल संचयन, बेहतर सार्वजनिक सुविधाओं, स्वच्छता और अतिक्रमण मुक्त रेलवे स्टेशन की पहल के जरिए बोरीवली को पश्चिमी उपनगरों के लिए एक मॉडल बनाया जा सकेगा। गौरतलब है कि अल नीनो के प्रभाव के चलते एशिया के कई देशों में इस वर्ष पर्याप्त बारिश नहीं होने और कुछ क्षेत्रों में सूखे जैसी स्थिति पैदा होने की आशंका के बीच जल संरक्षण का महत्व और बढ़ गया है। ऐसे में विधायक संजय उपाध्याय की बोरीवली की 1,000 से अधिक सोसायटियों में वर्षा जल संचयन के लिए कुएं बनाने की प्रस्तावित पहल यदि सफल होती है और शहर के अन्य इलाकों में भी इसे अपनाया जाता है, तो भूजल स्तर सुधारने तथा भविष्य के जल संकट से निपटने में मदद मिल सकती है।कार्यक्रम में भाजपा की महाराष्ट्र प्रदेश प्रवक्ता, पालघर जिला प्रभारी तथा स्थानीय नगरसेविका रानी द्विवेदी, मुंबई भाजपा के मीडिया प्रभारी निरंजन शेट्टी, नगरसेविका शिल्पा सांगोरे, जिज्ञासा शाह, एड.सीमा शिंदे, पूर्व नगरसेवक प्रवीण शाह, विद्यार्थी सिंह, दिनेश झाला एवं प्रमुख भाजपा कार्यकर्ता तथा बड़ तादाद में पत्रकारों की उपस्थिति रही।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!