राष्ट्रीय कवि संगम महाराष्ट्र प्रांत के मंच पर 51 रचनाकारों ने काव्य प्रस्तुतियों से बाँधा समाँ

राष्ट्रीय कवि संगम, महाराष्ट्र प्रांत की अध्यक्ष रीमा राय सिंह के नेतृत्व, परिकल्पना और संयोजन में संस्था के संस्थापक स्वर्गीय श्री जगदीश मित्तल जी की पावन स्मृति एवं जन्मजयंती के अवसर पर ‘काव्यांजलि’ विशेष कवि सम्मेलन का भव्य आयोजन रीजेंसी बैंक्वेट, वसई (पूर्व) में किया गया।
यह कार्यक्रम दोपहर लगभग 3 बजे प्रारंभ होकर रात 9:30 बजे तक अनवरत चलता रहा। 51 कवियों के काव्य पाठ की परिकल्पना के साथ आयोजित इस सम्मेलन में 51 रचनाकारों ने काव्य पाठ किया। कविता, गीत, ग़ज़ल, हास्य और भावपूर्ण रचनाओं से सजी इस संध्या ने साहित्यप्रेमियों को एक यादगार अनुभव दिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व दूरदर्शन अधिकारी, लेखिका एवं राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित प्रख्यात लोक गायिका डॉ. शैलेश श्रीवास्तव ने की। मुख्य अतिथि के रूप में सुप्रसिद्ध हास्य कवि एवं गीतकार महेश दुबे उपस्थित रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में डॉ. ओमप्रकाश दुबे ने अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई।
मुख्य अतिथि महेश दुबे ने अपने विशिष्ट हास्य अंदाज़ के साथ संवेदनशील और भावपूर्ण काव्य प्रस्तुति से सभागृह को भावविभोर कर दिया। उनकी प्रस्तुति के समापन पर उपस्थित श्रोताओं ने खड़े होकर तालियों की गड़गड़ाहट के साथ उन्हें स्टैंडिंग ओवेशन दिया। वहीं कार्यक्रम अध्यक्ष डॉ. शैलेश श्रीवास्तव की मधुर वाणी और प्रभावशाली अध्यक्षीय उद्बोधन ने आयोजन को सुंदर समापन प्रदान किया।
राष्ट्रीय कवि संगम, महाराष्ट्र प्रांत में साहित्यिक गतिविधियों को विस्तार देने और नए-पुराने रचनाकारों को एक साझा मंच पर जोड़ने के प्रयासों की झलक ‘काव्यांजलि’ के सफल आयोजन में भी देखने को मिली। इस कार्यक्रम में संरक्षक देवेंद्र तिवारी, गुलशन मदान, नवीन चतुर्वेदी एवं डॉ. कनकलता तिवारी सहित अनेक साहित्यकारों और सहयोगियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
कार्यक्रम का संचालन शानदार अभिनेता एवं निर्देशक रवि यादव ने किया। उनके साथ सीमा त्रिवेदी और अर्चना झा ने भी संचालन की जिम्मेदारी निभाई। तीनों के प्रभावशाली, सहज और आत्मीय संचालन ने सात घंटे तक चले आयोजन को निरंतर गति और गरिमा प्रदान की।
इस साहित्यिक संध्या में अभिनेता आशुतोष सिंह, अंजनी द्विवेदी, राजू मिश्र, लक्ष्मी यादव, वीनू त्रिपाठी, बिट्टू जैन, संजय रोकड़े, कल्पना उबाले, सरोज गजरे, सुनंदा गिरी, डॉ. अनामिका दुबे, नूतन राय, कल्पना देशमुख, कविता झा, हीरालाल यादव, कमर हाजीपुरी, निमेष कुमार, शिव त्रिपाठी, हरिशंकर त्रिपाठी, रश्मि तिवारी, रम्या तिवारी, कल्पना पांडे, प्रसाद साल्वी, ओमप्रकाश तिवारी, डॉ. विनय उपाध्याय, जयमाला राय, रश्मि कुमार, अंबिका झा, शिवप्रकाश जमदग्निपुरी, माया मेहता, श्रीकृष्ण कालकर, शशिकला कालकर, अंजली जैन, सौरभ सिंह, किरण तिवारी, कल्पना महापुस्कर, अर्चना वर्मा सिंह एवं विपुल मौर्य सहित अनेक रचनाकारों ने अपनी काव्य प्रस्तुतियों से कार्यक्रम को विविध रंगों से सजाया।
राष्ट्रीय कवि संगम, महाराष्ट्र प्रांत की पूरी टीम, नवी मुंबई इकाई, साहित्यप्रेमी विजय इंगले सहित सभी अतिथियों, कवियों, कवयित्रियों एवं साहित्यप्रेमियों की सहभागिता से आयोजित ‘काव्यांजलि’ एक यादगार साहित्यिक आयोजन बनकर संपन्न हुई।




