जोधपुर शहर जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा झालामंड चौराहा पर जन अधिकार यात्रा एवं विरोध प्रदर्शन आयोजित,
विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर सरकार के खिलाफ जताया रोष

रिपोर्टर शिंभू सिंह शेखावत
जोधपुर। शहर के झालामंड क्षेत्र में लगातार बढ़ रही जनसमस्याओं, हाल ही में हुई सड़क दुर्घटनाओं, विद्युत करंट हादसे, गंभीर पेयजल संकट, महंगाई, बेरोजगारी, पेट्रोल-डीजल एवं घरेलू गैस की बढ़ती कीमतों, बिगड़ती कानून व्यवस्था एवं प्रशासनिक अव्यवस्थाओं को लेकर आज दिनांक 29 मई 2026 को झालामंड चौराहा क्षेत्र में विशाल “जन अधिकार यात्रा”, विरोध प्रदर्शन एवं पुतला दहन कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेसजन, सामाजिक कार्यकर्ता, सर्व समाज के लोग, युवा एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। जन अधिकार यात्रा महादेव मटकी भंडार, मीरानगर गुड़ा मेन रोड से प्रारंभ होकर झालामंड चौराहा तक निकाली गई, जहां आमजन की समस्याओं को लेकर सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया गया तथा जनविरोधी नीतियों के विरोध में पुतला दहन कर रोष व्यक्त किया गया। कार्यक्रम में जोधपुर शहर की पूर्व विधायक मनीषा पवार ने संबोधित करते हुए कहा कि आमजन आज महंगाई, बेरोजगारी, पेयजल संकट, बिजली समस्याओं एवं बिगड़ती कानून व्यवस्था से त्रस्त है, लेकिन सरकार जनता की मूल समस्याओं के समाधान में पूरी तरह विफल साबित हो रही है। उन्होंने हाल ही में झालामंड क्षेत्र में हुई सड़क दुर्घटनाओं एवं विद्युत हादसों पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाने की मांग उठाई। जोधपुर शहर कांग्रेस महासचिव जनाब लियाकत रंगरेज ने कहा कि क्षेत्र में लगातार बढ़ रही जनसमस्याओं के बावजूद प्रशासन उदासीन बना हुआ है। यदि समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो कांग्रेस पार्टी एवं सर्व समाज द्वारा आंदोलन को और अधिक व्यापक रूप दिया जाएगा।पूर्व महासचिव जोधपुर शहर कांग्रेस नेनाराम प्रजापत ने आंदोलन के दौरान समाजबंधुओं पर दर्ज किए गए झूठे मुकदमों को वापस लेने की मांग करते हुए कहा कि लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज उठाना किसी भी नागरिक का अधिकार है।




