मानव वेदा वेलफेयर सोसाइटी ने बालिकाओं को स्वरोजगार से जोड़ने की पहल की

सुरेश लखन। इंडिया जागरण टुडे उदयपुर । मानव वेदा वेलफेयर सोसाइटी द्वारा निराश्रित बालिका आश्रम में संचालित आत्मनिर्भरता अभियान के अंतर्गत बालिकाओं को क्रॉशिया आर्ट एवं सिलाई प्रशिक्षण हेतु आवश्यक सामग्री की किट वितरित की गई। संस्था द्वारा प्रत्येक बालिका के लिए अलग-अलग प्रशिक्षण किट तैयार की गई, जिसमें क्रॉशिया आर्ट और सिलाई सीखने के लिए आवश्यक सामग्री शामिल थी। किट प्राप्त करते समय बालिकाओं के चेहरों पर उत्साह, खुशी और कुछ नया सीखने की उमंग साफ दिखाई दे रही थी। बालिकाओं का उत्साह और जिज्ञासा कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहा।
कार्यक्रम में दीपमाला सुथार (व्योम क्रॉशिया आर्ट) द्वारा बालिकाओं को क्रॉशिया कला का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। साथ ही सिलाई प्रशिक्षण के माध्यम से भी बालिकाओं को स्वरोजगार एवं आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। संस्था की सचिव रेखा शर्मा ने बताया कि आत्मनिर्भरता अभियान का उद्देश्य बालिकाओं को व्यावहारिक कौशल प्रदान कर उन्हें आत्मविश्वासी, स्वावलंबी एवं आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है। प्रशिक्षण के माध्यम से बालिकाओं को भविष्य में स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।




