विधाणी परिक्रमा महोत्सव 7 से 12 अक्टूबर तक

जयपुर। गोनेर रोड पर विधाणी गांव स्थित गोपाल सागर आश्रम में मिथिला बिहारी महाराज के सान्निध्य में विधाणी परिक्रमा महोत्सव 7 से 12 अक्टूबर तक मनाया जाएगा। इसकी तैयारियां जोरों पर है। महोत्सव में छह दिन तक अखंड रामधुनी और भजन होंगे। 12 अक्टूबर को गोनेर से विधाणी आश्रम तक शोभायात्रा निकाली जाएगी।
आश्रम में 7 अक्टूबर से 12 अक्टूबर तक प्रतिदिन शाम 4 से 7 बजे तक अखंड रामधुनी एवं भजन का आयोजन होगा। इसमें श्रद्धालु शामिल होकर राम नाम संकीर्तन करेंगे।
महोत्सव के समापन अवसर पर 12 अक्टूबर को मंदिर जगदीश महाराज, गोनेर से विधाणी आश्रम के लिए शाम 3 बजे शोभायात्रा रवाना होगी। शोभायात्रा विधाणी आश्रम पहुंचेगी, जहां धार्मिक कार्यक्रम होंगे। करीब 5 किलोमीटर की शोभायात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होंगे। श्रद्धालु झांझ, मंजीरे, ढोलक, हारमोनियम और चंग के साथ रामधुन करते हुए आश्रम पहुंचेंगे। शोभायात्रा में जुगल सरकार की झांकी के साथ राधा-कृष्ण, सीतारामजी, बड़े बालाजी, मां सीतला, बाबा चेतनानंद और मां साहिब बनारसी देवी की झांकियां आकर्षण का केन्द्र रहेंगी। राजस्थान के अलावा हरियाणा, पंजाब और दिल्ली से भी श्रद्धालु शामिल होंगे।




