शहीद मोहन सिंह ईशरू की जयंती पर 181 यूनिट रक्तदान, युवाओं ने दिखाई मानव सेवा की मिसाल

जोधपुर। शहीद RAC जवान श्री मोहन सिंह सिसोदिया ईशरू की 86वीं जयंती के अवसर पर श्री राष्ट्रीय राजपूत गौ सेना भारत के तत्वावधान में होटल श्री मोहन विलास, उम्मेद क्लब रोड, पावटा में पांचवें विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में युवाओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं विभिन्न संगठनों के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए 181 यूनिट रक्तदान किया।
रक्त संग्रहण का कार्य जोधपुर के तीन प्रमुख सरकारी चिकित्सालयों की ब्लड बैंक टीमों द्वारा किया गया। कार्यक्रम स्वामी श्री असलानंद गिरी जी महाराज के सानिध्य में आयोजित हुआ। उन्होंने अपने आशीर्वचन में रक्तदान को सर्वोच्च मानव सेवा बताते हुए युवाओं से जरूरतमंदों की सहायता के लिए सदैव तत्पर रहने तथा समाज को नशामुक्त बनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मारवाड़ राजपूत सभा भवन के अध्यक्ष हनुमान सिंह खांगठा रहे। विशिष्ट अतिथियों में जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कर्नल बलदेव सिंह, केवी सिंह चंदरख, छात्र नेता मोती सिंह जोधा, श्री राष्ट्रीय राजपूत गौ सेना भारत के कतर कंट्री अध्यक्ष भवानी सिंह राठौड़ पीलवा तथा होटल श्री मोहन विलास के संचालक भंवर सिंह राठौड़ एवं उनकी टीम सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी, समाजसेवी और बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे। अतिथियों ने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए उनका सम्मान किया। शिविर की विशेष बात यह रही कि बड़ी संख्या में युवाओं ने पहली बार रक्तदान कर मानव सेवा का संकल्प लिया। कार्यक्रम का सफल संचालन नाथू सिंह इन्दा ने किया। इस अवसर पर जोधपुर के प्रख्यात रक्तवीर नरेंद्र सिंह राठौड़, जिन्होंने अब तक 133 बार रक्तदान किया है, का भी अतिथियों द्वारा विशेष सम्मान किया गया। श्री राष्ट्रीय राजपूत गौ सेना भारत के राष्ट्रीय अध्यक्ष महेन्द्र सिंह राठौड़ ईशरू ने सभी अतिथियों, रक्तदाताओं, चिकित्सालयों की ब्लड बैंक टीमों, सामाजिक संगठनों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि स्वस्थ और जागरूक युवा ही राष्ट्र की सबसे बड़ी शक्ति हैं। उन्होंने युवाओं से गौ सेवा, सामाजिक समरसता, सभी 36 कौमों को साथ लेकर चलने तथा सोशल मीडिया पर भ्रामक और आपत्तिजनक टिप्पणियों से दूर रहने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि शहीद मोहन सिंह सिसोदिया ईशरू के राष्ट्रसेवा और बलिदान से प्रेरणा लेकर भविष्य में भी ऐसे जनकल्याणकारी आयोजन निरंतर आयोजित किए जाएंगे।
कार्यक्रम के अंत में सभी रक्तदाताओं, चिकित्सकीय टीमों एवं सहयोगी संगठनों के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया गया।




