Uncategorized

अवैध ठेला संचालकों के खिलाफ निगम की सख्त कार्रवाई, सड़क किनारे खड़े ठेले किए जब्त

 

नानालाल आचार्य
इंडिया जागरण टुडे

उदयपुर। शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने, आमजन को आवागमन में हो रही परेशानी से राहत दिलाने तथा शहर की सुंदरता बनाए रखने के उद्देश्य से नगर निगम उदयपुर द्वारा शनिवार को अवैध ठेला संचालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई। निगम की टीम ने शहर के प्रमुख मार्गों एवं व्यस्त चौराहों पर सड़क किनारे अवैध रूप से खड़े किए गए ठेलों को हटाते हुए उन्हें जब्त करने की कार्रवाई की।
महापौर पारस सिंघवी के निर्देश पर शहर के सूरजपोल, अस्थल मंदिर चौराहा, उदयपुर हॉस्पिटल, आइस फैक्ट्री के आसपास क्षेत्र में विशेष अभियान चलाया गया। इन सभी स्थानों पर सड़क किनारे एवं सार्वजनिक आवागमन के रास्तों पर अवैध रूप से खड़े किए गए ठेलों को हटाया गया।

निगम की टीम ने मौके पर मौजूद अवैध ठेलों को जब्त कर लिया। इन ठेलों के कारण आम नागरिकों, राहगीरों एवं वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। कई स्थानों पर ठेले सड़क के किनारे इस तरह खड़े किए जा रहे थे, जिससे यातायात बाधित होने के साथ ही बाजारों में अव्यवस्था की स्थिति बन रही थी।
महापौर ने एक बार फिर शहर के सभी ठेला संचालकों से अपील करते हुए कहा कि वे सार्वजनिक सड़कों, चौराहों एवं आवागमन के रास्तों पर अवैध रूप से अपने ठेले नहीं लगाएं। नगर निगम द्वारा पूर्व में भी लगातार समझाइश एवं चेतावनी दी गई है, इसके बावजूद नियमों की अनदेखी करने वालों के विरुद्ध अब सख्त कार्रवाई की जा रही है।महापौर ने स्पष्ट किया कि उदयपुर शहर की यातायात व्यवस्था, स्वच्छता और सुंदरता के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। आमजन की सुविधा सर्वोपरि है और सार्वजनिक स्थानों पर अव्यवस्था फैलाने वालों के प्रति निगम किसी प्रकार की कोताही नहीं बरतेगा। उन्होंने कहा कि अवैध ठेला लगाने वाले संचालक स्वयं अपने आर्थिक नुकसान के जिम्मेदार होंगे, क्योंकि कार्रवाई के दौरान उनके ठेले जब्त किए जाएंगे और उन्हें अन्य नियमानुसार कार्रवाई का भी सामना करना पड़ सकता है।
महापौर पारस सिंघवी ने ठेला संचालकों से अपील की कि वे नगर निगम के नियमों का पालन करें और निर्धारित स्थानों पर ही अपना व्यवसाय संचालित करें, ताकि शहर की यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे और आमजन को किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़े।
कार्यवाही के दौरान राजस्व निरीक्षक मोहित अग्निहोत्री विजय जैन राहुल मीणा सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!