Uncategorized

विद्यालय, प्रतिभाओं को निखारने का सशक्त माध्यम : डॉ. उमेश चंद्र तिवारी

 

जौनपुर । इंदिरा स्मारक सर्वोदय इंटर कॉलेज, कटघर रामनगर का 41वां वार्षिकोत्सव बुधवार को हर्षोल्लास एवं धूमधाम से मनाया गया। समारोह में छात्र-छात्राओं ने विविध सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मनमोहक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित अतिथियों एवं श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि डॉ. उमेश चंद्र तिवारी ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं विधिवत पूजन-अर्चन कर किया।समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि डॉ. उमेश चंद्र तिवारी ने कहा कि होनहार बच्चे ही देश का भविष्य हैं। शिक्षा का उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान देना नहीं, बल्कि बच्चों में संस्कार, अनुशासन, विनम्रता और जिम्मेदारी की भावना विकसित करना भी है। विद्या विनय प्रदान करती है और शिक्षित एवं संस्कारित बच्चे ही आगे चलकर राष्ट्र के जिम्मेदार नागरिक बनते हैं।
उन्होंने कहा कि सफलता का मूल मंत्र निरंतर परिश्रम, अनुशासन, आत्मविश्वास और सकारात्मक प्रतिस्पर्धा है। विद्यालयों में पढ़ाई के साथ खेलकूद, व्यायाम, सांस्कृतिक गतिविधियों एवं अन्य पाठ्य सहगामी क्रियाओं को भी समान महत्व दिया जाना चाहिए। इन गतिविधियों से विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास होता है और उनके व्यक्तित्व का निर्माण होता है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। जरूरत उन्हें उचित अवसर, प्रोत्साहन और बेहतर मार्गदर्शन देने की है। विद्यार्थियों को अपनी प्रगति रिपोर्ट का मूल्यांकन करते हुए कमजोरियों को दूर करने और निरंतर आगे बढ़ने का प्रयास करना चाहिए। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने गीत, संगीत, नृत्य एवं अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। उनकी प्रस्तुतियों पर दर्शकों ने तालियां बजाकर उत्साहवर्धन किया। विभिन्न गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत कर उनका मनोबल बढ़ाया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रबंध समिति के अध्यक्ष रामनारायण दुबे ने की। विद्यालय के शिक्षक रामपाल ने संचालन किया। अंत में अजय मिश्रा ने अतिथियों एवं आगंतुकों के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि ग्राम प्रधान अखंड प्रताप सिंह, प्रधानाचार्य रमाकांत शुक्ल, शिवप्रसाद यादव, अवधेश कुमार दुबे भाजपा मंडल अध्यक्ष अर्शिया, छोटेलाल, श्रीकृष्ण दुबे, गणेश तिवारी, हरगोविंद दुबे सहित विद्यालय के शिक्षकगण, अभिभावक एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!