जी.आर. ग्लोबल अकादमी में धूमधाम से संपन्न हुआ अलंकरण समारोह, निहार चौधरी बने हेड बॉय और चंचल हेड गर्ल

जयपुर, 18 जुलाई 2026। जी.आर. ग्लोबल अकादमी विद्यालय में शनिवार को अलंकरण समारोह (इन्वेस्टिचर सेरेमनी) उत्साह, अनुशासन और गरिमामय वातावरण के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्री बालाजी शिक्षा समिति के प्रबंध निदेशक जगदीश पूनिया रहे। विद्यालय के प्राचार्य अजय कुमार गुप्ता ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया। मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन के साथ समारोह का शुभारंभ हुआ। प्राचार्य अजय कुमार गुप्ता ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों को नेतृत्व, अनुशासन और जिम्मेदारी का महत्व बताते हुए नव-निर्वाचित छात्र परिषद का उत्साहवर्धन किया। समारोह में गांधी, सुभाष, टैगोर और तिलक सदनों के मनोनीत छात्र-परिषद के विद्यार्थियों ने आकर्षक परेड प्रस्तुत की, सदनों की ध्वज स्थापना की तथा शपथ ग्रहण किया। इसके बाद सदन संचालक शिक्षकों एवं छात्र पदाधिकारियों को सैश पहनाकर सम्मानित किया गया।
विद्यालय के हेड बॉय निहार चौधरी तथा हेड गर्ल चंचल को मनोनीत किया गया। दोनों ने अपने संबोधन में कहा कि नेतृत्व का अर्थ केवल आदेश देना नहीं, बल्कि स्वयं उदाहरण प्रस्तुत करते हुए कार्य करना है। उन्होंने विद्यालय के विकास और अनुशासन के लिए समर्पित होकर कार्य करने का संकल्प व्यक्त किया। इस अवसर पर कार्यकारी प्रभारी झूमर पूनिया तथा एडमिनिस्ट्रेटर डॉ. कनिका पूनिया भी उपस्थित रहीं। उन्होंने छात्र-छात्राओं को नई जिम्मेदारियों के लिए शुभकामनाएं देते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।समारोह के दौरान चारों सदनों के बीच नृत्य, समूहगान एवं रंगोली प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया गया। रेट्रो थीम पर आधारित नृत्य प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया, जबकि देशभक्ति गीतों से वातावरण राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत हो उठा।
प्रकृति विषय पर बनाई गई रंगोलियों ने विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।मुख्य अतिथि जगदीश पूनिया ने छात्र परिषद के सदस्यों को बधाई देते हुए कहा कि यह उनके नेतृत्व जीवन की पहली महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है, जिसे उन्हें पूर्ण कर्तव्यनिष्ठा और ईमानदारी से निभाना चाहिए। उन्होंने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए विद्यालय परिवार को सफल आयोजन के लिए बधाई दी।अंत में विद्यालय के प्राचार्य अजय कुमार गुप्ता ने मुख्य अतिथि का आभार व्यक्त किया। वहीं सांस्कृतिक प्रभारी सुमन शेखावत ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी शिक्षकों, अधिकारियों एवं विद्यार्थियों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया। समारोह उत्साह, अनुशासन और सांस्कृतिक रंगों के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।




