कांस्टेबल का आत्मघाती कदम, फंदे पर लटका मिला शव

नानालाल आचार्य
नजर इंडिया 24
उदयपुर। जिले के ओगणा थाना क्षेत्र में तैनात एक पुलिस कांस्टेबल ने फांसी के फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। शादी हुए अभी कुछ महीने ही हुए थे, ऐसे में उक्त जवान के इस आत्मघाती कदम ने सनसनीखेज फैला दी है। हालांकि आत्महत्या की असल वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है। बताया जा रहा है कि मृतक कांस्टेबल की पहचान मनोज कुमार मीणा (28) के रूप में हुई है, जो मूल रूप से नयागांव क्षेत्र के सरेरा गांव का रहने वाला था।
सूत्रों के अनुसार कांस्टेबल मनोज कुमार ओगणा थाने में तैनात थे। उन्होंने ओगणा के मुख्य बाजार में कमरा किराए पर ले रखा था। जबकि पत्नी गांव में रहती थी। बताया जा रहा है कि करीब एक सप्ताह से मनोज की ड्यूटी उदयपुर शहर में लगी हुई थी और दो दिन पहले ही वापस ओगणा थाने लौटे थे। रविवार को जब दिनभर थाने के अन्य जवानों ने उनसे संपर्क करने के लिए कॉल किया, तो उन्होंने फोन नहीं उठाया। अनहोनी की आशंका पर थाने से जवान उनके कमरे पर पहुंचे, लेकिन अंदर से दरवाजा बंद था। दरवाजा खटखटाने के बाद भी जब कोई हरकत नहीं हुई तो जवान वापस थाने लौट आए। शाम करीब 6 बजे थानाधिकारी सहित पुलिस का पूरा जाब्ता मनोज के कमरे पर पहुंचा। जवानों ने खिड़की से अंदर झांककर देखा, तो अंदर का नजारा देखकर सबके होश उड़ गए। मनोज का शव फंदे से लटका हुआ पाया गया। पुलिस ने तत्काल दरवाजा तोड़ा और शव को फंदे से नीचे उतरवाया और झाड़ोल अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। इधर, घटना की सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे तथा शव का पोस्टमार्टम करवाया गया। शव परिजनों को सुपुर्द पुलिस फिलहाल मामले की पड़ताल में जुटी है तो कि आखिर कांस्टेबल के इस आत्मघाती कदम के पीछे की मुख्य वजह क्या रही है।




