Welcome to इंडिया जागरण टुडे   Click to listen highlighted text! Welcome to इंडिया जागरण टुडे
Uncategorized

विरोध प्रदर्शन के बाद बिजली निगम ने दूर किया संकट, श्री तारा एनक्लेव में लगा 200 केवीए का ट्रांसफार्मर

 

समालखा लोकेश झा।

श्री तारा एनक्लेव कॉलोनी में पिछले करीब दो महीने से चल रहे बिजली संकट को लेकर सोमवार को कॉलोनीवासियों का गुस्सा फूट पड़ा। महिलाओं और पुरुषों ने बिजली निगम कार्यालय पहुंचकर जमकर नारेबाजी करते हुए विरोध प्रदर्शन किया और धरना दिया। प्रदर्शन के तुरंत बाद बिजली निगम ने कार्रवाई करते हुए कॉलोनी में 200 केवीए का नया ट्रांसफार्मर लगवा दिया तथा टूटी हुई बिजली की तारों को भी बदलवाकर समस्या का समाधान कराया।

गौरतलब है कि रविवार को भी कॉलोनीवासियों ने बिजली संकट के खिलाफ कॉलोनी में एकत्र होकर रोष प्रदर्शन किया था। इसके बाद सोमवार सुबह बड़ी संख्या में कॉलोनीवासी बिजली निगम कार्यालय पहुंचे और धरना देकर अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी की। विरोध प्रदर्शन के बाद बिजली निगम के अधिकारी हरकत में आए और समस्या का समाधान कराया।

कॉलोनीवासियों ने बताया कि गत 27 अगस्त को एसडीओ नरेश कुमार को ज्ञापन देकर गली नंबर 37 के सामने 200 केवीए का ट्रांसफार्मर लगाने की मांग की गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। श्री तारा एनक्लेव सेवा समिति (आरडब्ल्यूए) ने आरोप लगाया कि बिजली विभाग की अनदेखी के कारण कॉलोनीवासी पिछले दो महीनों से गंभीर बिजली समस्या से जूझ रहे थे।

कॉलोनी में तेजी से मकानों का निर्माण होने के कारण बिजली की खपत बढ़ गई है। गली नंबर 37 के सामने मात्र 100 केवीए का ट्रांसफार्मर लगा हुआ था, जो ओवरलोड के चलते आए दिन शाम के समय फुंक जाता था। इसके साथ ही बिजली की तारें भी जल जाती थीं। इसके चलते गली नंबर 32 से लेकर रेलवे लाइन तक के क्षेत्र में रहने वाले सैकड़ों लोग बिजली संकट से परेशान थे।

बिजली की समस्या के कारण इनवर्टर-बैटरियां भी जवाब दे जाती थीं और पीने के पानी तक की परेशानी खड़ी हो गई थी। कॉलोनीवासियों का कहना था कि बिजली की कभी कम तो कभी तेज सप्लाई होने से फ्रिज, कूलर, एसी और लाइटें भी खराब हो रही थीं। भीषण गर्मी और उमस के बीच लोगों को रातें परेशान होकर गुजारनी पड़ रही थीं।

अंततः समस्या का समाधान नहीं होने पर कॉलोनीवासियों ने सामूहिक रूप से बिजली निगम कार्यालय पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद निगम द्वारा 200 केवीए का ट्रांसफार्मर लगाने और क्षतिग्रस्त तारें बदलने पर कॉलोनीवासियों ने राहत की सांस ली।

प्रदर्शन में श्री तारा एनक्लेव सेवा समिति के प्रधान सुभाष रमन, महासचिव जगबीर पंवार, जॉनी शर्मा, रामपाल चौहान, ज्योति, बबली, किरण, प्रिया, कविता, सुनीता, सुखबीर सिंह, अजीत कुमार, अश्वनी त्यागी, संदीप चौहान, हर्ष तंवर, आकाश दीप, प्रदीप कौशिक सहित अनेक कॉलोनीवासी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!