मेवाड़ को जानो प्रतियोगिता में बच्चों ने दिखाया हुनर, विजेताओं को मिले पुरस्कार ।

रिपोर्टर- शिंभू सिंह शेखावत
चित्तौड़गढ़ : पंचायत समिति मुरला राउमावि में चल रहे ग्रीष्मकालीन समाज सेवा शिविर के अंतर्गत आज विद्यार्थियों के सामान्य ज्ञान और सांस्कृतिक संवर्धन के लिए “मेवाड़ को जानो” प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य नई पीढ़ी को मेवाड़ के गौरवशाली इतिहास, संस्कृति, त्याग और बलिदान की परंपराओं से अवगत कराना था।
कार्यक्रम के दौरान मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी कार्यालय के संदर्भ व्यक्ति (रिसोर्स पर्सन) श्री ओमप्रकाश खटीक ने शिविर का अवलोकन किया। उन्होंने विद्यार्थियों द्वारा प्रदर्शित ज्ञान और उत्साह की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों को अपनी जड़ों और समृद्ध इतिहास से जोड़े रखने में बेहद मददगार साबित होते हैं।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री अशोक कुमार रेगर और उप प्रधानाचार्य श्री कालूराम गाडरी ने अतिथियों का स्वागत किया और शिविरार्थियों का मनोबल बढ़ाया।प्रतियोगिता के समापन पर प्रथम स्थान पर विद्या कुमारी जाट, द्वितीय स्थान तनिषा मीणा और तृतीय स्थान ममता कुमावत को भामाशाहों द्वारा विजेता छात्र-छात्राओं को नकद पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।
प्रधानाचार्य का संदेश:
मेवाड़ की धरती शौर्य और भक्ति की धरा है। हमारे बच्चों को इस माटी के इतिहास पर गर्व होना चाहिए। यह प्रतियोगिता सिर्फ एक मुकाबला नहीं, बल्कि अपनी संस्कृति को पहचानने की एक छोटी सी कोशिश है।”शिविर के सफल संचालन के लिए विद्यालय स्टाफ और प्रबुद्ध जनों ने सभी प्रतिभागियों को बधाई दी और उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।




