अग्नि वीर भर्ती में सालमपुर के युवराज सिंह प्रथम प्रयास में सफल

रिपोर्टर (शिंभू सिंह शेखावत)
राजसमंद। जिले के सालमपुरा गांव के होनहार युवा युवराज सिंह राठौड़ ने प्रथम प्रयास में अग्निवीर भर्ती में चयनित होकर पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। युवराज सिंह, हिम्मत सिंह राठौड़ के सुपुत्र हैं। उनके चयन की खबर मिलते ही गांव में खुशी की लहर दौड़ गई और ग्रामीणों में उत्साह का माहौल बन गया।
युवराज सिंह ने अपनी कड़ी मेहनत, लगन और अनुशासन के बल पर यह सफलता हासिल की है। यह उपलब्धि न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे सालमपुरा गांव के लिए गर्व का विषय बन गई है। ग्रामीणों के अनुसार गांव के इतिहास में पहली बार कोई युवा सरकारी सेवा में चयनित होकर देश सेवा के लिए जा रहा है। इस गौरवपूर्ण अवसर पर ग्रामवासियों एवं युवाओं ने मिलकर युवराज सिंह का पगड़ी पहनाकर एवं माल्यार्पण कर भव्य स्वागत किया। साथ ही उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए शुभकामनाएं दीं। युवराज सिंह की सफलता क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा बनकर सामने आई है। उनकी उपलब्धि यह संदेश देती है कि मेहनत, आत्मविश्वास और निरंतर प्रयास से हर लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है।




