Welcome to इंडिया जागरण टुडे   Click to listen highlighted text! Welcome to इंडिया जागरण टुडे
Uncategorized

एक युद्ध तंबाकू के विरुद्ध : गोविंद देवजी मंदिर में व्यसन मुक्ति महायज्ञ संपन्न

विश्व तंबाकू निषेध दिवस पर हजारों श्रद्धालुओं ने ली नशामुक्ति की शपथ, 30 हजार लोगों ने देखी प्रदर्शनी

जयपुर। विश्व तंबाकू निषेध दिवस पर ठाकुर श्री राधा गोविंद देवजी मंदिर में महंत अंजन कुमार गोस्वामी के सान्निध्य में रविवार को “एक युद्ध : तंबाकू के विरुद्ध” कार्यक्रम का प्रभावी आयोजन किया गया। कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित पंचकुंडीय व्यसन मुक्ति गायत्री महायज्ञ में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने आहुतियां अर्पित कर राष्ट्र को तंबाकू एवं नशामुक्त बनाने की प्रार्थना की। युग तीर्थ शांतिकुंज के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में राजस्थान प्रदेश नशा बंदी समिति, भारत सेवा संस्थान, इंडियन अस्थमा केयर सोसाइटी तथा गांधी जीवन दर्शन समिति सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। श्रद्धालुओं ने स्वयं नशे से दूर रहने तथा समाज को व्यसनमुक्त बनाने का संकल्प लिया। गोविंद देवजी मंदिर के सेवा अधिकारी मानस गोस्वामी ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। * *प्रदर्शनी बनी आकर्षण का केंद्र*
कार्यक्रम के दौरान देव संस्कृति विश्वविद्यालय द्वारा तैयार नशा मुक्ति प्रदर्शनी विशेष आकर्षण का केंद्र रही। प्रदर्शनी के माध्यम से तंबाकू, धूम्रपान एवं अन्य नशों से होने वाले शारीरिक, मानसिक और सामाजिक दुष्प्रभावों की जानकारी दी गई। लगभग 30 हजार श्रद्धालुओं ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर नशामुक्त जीवन का संदेश ग्रहण किया।
यज्ञ के दौरान भक्त भूषण वर्मा, नीलम वर्मा एवं रिद्धिमा ने वैदिक विधि से यज्ञ संपन्न कराया। नशा मुक्ति विषयक गीतों एवं प्रेरक प्रस्तुतियों ने उपस्थित जनसमूह को व्यसन त्यागने के लिए प्रेरित किया। बृजलाल जांगिड़ ने हारमोनियम तथा आदित्य सैनी ने तबले पर संगत दी। गायत्री शक्तिपीठ ब्रह्मपुरी के सह-व्यवस्थापक मणि शंकर पाटीदार के मार्गदर्शन में यज्ञ की पांच पारियों में 300 से अधिक श्रद्धालुओं ने विश्व कल्याण की भावना से आहुतियां अर्पित कीं।
*युवाओं ने लिया नशामुक्ति का संकल्प*
गायत्री परिवार की युवा इकाई ‘दिया’ द्वारा नशामुक्त भारत के समर्थन में हस्ताक्षर अभियान चलाया गया, जिसमें दो हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने हस्ताक्षर किए। साथ ही 2000 से अधिक युवाओं ने जीवनभर नशा न करने तथा समाज को व्यसनमुक्त बनाने का संकल्प लिया। ममता त्रिपाठी, प्रखर सक्सेना, प्रणव तिवारी एवं हेमंत मिश्रा ने अभियान को सफल बनाने में सहयोग किया। हस्ताक्षरित ज्ञापन राष्ट्रपति एवं प्रधानमंत्री को भेजा जाएगा।

राजस्थान प्रदेश नशा बंदी समिति के अध्यक्ष धर्मवीर कटेवा, सचिव विष्णुदत्त शर्मा, भारत सेवा संस्थान के श्याम सुंदर जोशी तथा समाजसेवी ताराचंद धाकड़ ने नशामुक्त भारत के लिए गोविंद देवजी मंदिर प्रबंधन के प्रयासों की सराहना की।

लोगों को पसंद आया नशा मुक्ति साहित्य

इस अवसर पर नशा मुक्ति संकल्प समारोह आयोजित कर उपस्थित नागरिकों को नशे से दूर रहने तथा अन्य लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करने की शपथ दिलाई गई। गायत्री चेतना केंद्र जनता कॉलोनी की ओर से साहित्य स्टॉल लगाया गया, जहां नशा मुक्ति साहित्य लागत मूल्य पर उपलब्ध कराया गया। गायत्री परिवार की ब्रह्मपुरी, मुरलीपुरा, झोटवाड़ा, बनीपार्क, विजयबाड़ी एवं मानसरोवर शाखाओं के कार्यकर्ताओं ने समयदान कर कार्यक्रम को सफल बनाया। रमेश कुमार अग्रवाल ने आभार प्रकट किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!