Welcome to इंडिया जागरण टुडे   Click to listen highlighted text! Welcome to इंडिया जागरण टुडे
Uncategorized

“स्त्री का स्वर्ग कहां”  आत्मा की कामना और चेतना की दिशा -आदिमुद्रा

आज हम एक ऐसे प्रश्न पर विचार करेंगे,
जिसे धर्मशास्त्रों ने बहुत बार छुआ,
पर शायद कभी ठीक से नही सुना और वो है

स्त्री का स्वर्ग ?
स्वर्ग का चित्र तो हमने बहुत देखा
कहीं हूरें हैं, कहीं अप्सराएँ,
कहीं अमृत है, कहीं आनंद का बाग़।
पर किसी ने यह नहीं पूछा कि
जो स्त्री इस संसार में जीवन का आधार है,
उसके लिए स्वर्ग का अर्थ क्या है? क्योंकि

स्त्री का स्वर्ग कोई आकाश में टंगा लोक नहीं।
वह एक स्थिति है, जहाँ स्त्री अपने सम्पूर्ण अस्तित्व में स्वतंत्र, सम्मानित और सुरक्षित महसूस करे।
जहाँ उसे यह विश्वास हो कि उसकी आत्मा भी उतनी ही पवित्र हैं जितनी किसी भी ग्रंथ की पंक्तियां। मुझे लगता है, स्त्री के लिए स्वर्ग वहाँ से शुरू होता है
जहाँ उसका भय समाप्त होता है।
जहाँ उसे अपनी देह, अपनी इच्छा, और अपनी सोच के लिए
क्षमा माँगनी नहीं पड़ती।
जहाँ वह अपने निर्णय स्वयं कर सके —
बिना अपराधबोध के, बिना किसी अनुमति के।
कुछ लोग सोचते हैं। कुछ लोगों को लगता है कि
स्त्री का स्वर्ग सौंदर्य में है, प्रेम में है, सजावट में है।
पर ये अधूरा सत्य है, पूरा सत्य स्त्री के सम्मान में है।
सम्मान जो उसे देखने में नहीं, समझने में मिले।
जो उसकी मुस्कान को नहीं,
उसकी मौनता को भी सुन सके।
स्वर्ग उसके लिए वह जगह है
जहाँ उसे अपने आँसुओं को छिपाना न पड़े,
जहाँ उसकी गलती को अपराध न कहा जाए,
जहाँ उसका मौन भी संवाद समझा जाए।
सदियों से स्त्री ने स्वर्ग की कामना की है
पर उसका रूप भिन्न रहा है।
कभी वह सुरक्षा चाहती थी,
कभी अपनापन,
कभी सुनने वाला कोई,
और कभी सिर्फ इतना कि
कोई उसके श्रम को पहचान ले।
उसकी यह कामना कोई छोटी इच्छा नहीं,
यह अस्तित्व की माँग है।
क्योंकि जब तक स्त्री सुरक्षित नहीं,
समाज भी नर्क में है।
जब तक स्त्री को समानता नहीं,
मानवता अधूरी है।
धर्मों ने स्त्री को कई रूप दिए,
कभी देवी कहा, कभी प्रेरणा, कभी माया।
पर असली श्रद्धा तब होगी
जब उसे जीने का समान अधिकार मिले।
स्त्री का स्वर्ग तभी संभव है
जब उसकी आत्मा को किसी सीमा में नहीं बाँधा जाए,
न धर्म की, न परंपरा की, न पुरुष की। ये ठीक है कि
स्वर्ग का रास्ता भीतर से जाता है,
पर समाज को उसके लिए बाहर से रास्ता बनाना होगा।
कानून, शिक्षा, और संस्कृति
तीनों को यह समझना होगा
कि स्त्री का आत्म-सम्मान ही मानवता का स्वर्ग है।
और अब आध्यात्मिक सत्य पर आओ
स्त्री भी वही चेतना है जो पुरुष है।
उसकी आत्मा भी उतनी ही ईश्वर का अंश है।
परंतु उसके भीतर एक अद्भुत शक्ति है,
वह केवल जीती नहीं,
जीवन को जन्म भी देती है।
यही सृजनशक्ति उसका स्वर्ग है।
जब वह इस सृजन को प्रेम, करुणा और स्वतंत्रता से जीती है,
वहीं स्वर्ग उतर आता है
घर में, परिवार में, और समाज में।
इसीलिए सुनो,
अगर तुम सच में स्वर्ग चाहते हो,
तो उसे किसी ग्रंथ में मत खोजो।
एक स्त्री की आँखों में देखो,
जब उनमें भय न हो,
जब उनमें तृप्ति की चमक हो,
वही स्वर्ग है।
और स्त्री के लिए मै कहूंगा,
तुम्हारा स्वर्ग बाहर नहीं
तुम्हारे भीतर ही है।
जब तुम खुद को पूरी तरह स्वीकार कर लेती हो,
जब तुम अपनी ही चेतना की साथी बन जाती हो,
तब तुम उस परम शांति को छू लेती हो
जिसे किसी धर्म ने “जन्नत” कहा है,
किसी ने “कैवल्य” कहा,
और किसी ने “मुक्ति।”

स्त्री का स्वर्ग वही क्षण है
जहाँ उसे खुद के लिए शर्म नहीं,
बल्कि गर्व महसूस हो।
जहाँ वह कह सके
“मैं भी ईश्वर की ज्योति हूँ।”
स्वर्ग वहीं है जहाँ किसी की आत्मा को छोटा न किया जाए।और जब यह समझ समाज में उतर जाएगी,
तब न पुरुष स्वर्ग की खोज में भटकेगा,
न स्त्री अपने सम्मान के लिए लड़ेगी।
तब धरती ही स्वर्ग बन जाएगी।
तो आज मेरे साथ ये संकल्प लें
कि हम स्त्री के लिए ऐसा समाज बनाएँ
जहाँ उसका स्वर्ग कोई सपना नहीं,
उसका अधिकार हो।
जहाँ हर नारी निर्भीक होकर जी सके,
-आदिमुद्रा इंटरनेशनल फाउंडेशन

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!