निर्जला एकादशी पर 5000 तुलसी पौधों का निःशुल्क वितरण होगा
नानालाल आचार्य
नजर इंडिया 24
उदयपुर। चांदपोल सेवा समिति एवं रामकृष्ण दल के संयुक्त तत्वावधान में निर्जला एकादशी के पावन अवसर पर आगामी 25 जून को जाड़ा गणेशजी का चौक, चांदपोल में प्रातः 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक 5000 तुलसी पौधों का निःशुल्क वितरण किया जाएगा। कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर गुरुवार को संरक्षक पवन कुमावत की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। समिति अध्यक्ष चंद्रशेखर कुमावत ने बताया कि विगत 16 वर्षों से अधिक समय से यह सेवा कार्य निरंतर संचालित किया जा रहा है। तुलसी भारतीय संस्कृति, आयुर्वेद एवं सनातन परंपरा में विशेष महत्व रखती है। तुलसी को घर-आंगन में स्थापित करने से वातावरण शुद्ध होता है, रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है तथा सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में बढ़ते प्रदूषण और पर्यावरणीय चुनौतियों के बीच तुलसी का पौधा जनस्वास्थ्य एवं पर्यावरण संरक्षण का प्रभावी माध्यम है। निर्जला एकादशी जैसे पुण्य पर्व पर तुलसी वितरण का उद्देश्य प्रत्येक परिवार को प्रकृति, स्वास्थ्य और धर्म से जोड़ना है।
कार्यक्रम व्यवस्थापक पंकज अजमेरा ने बताया कि 5000 तुलसी पौधों की व्यवस्था के लिए दो माह पूर्व ही नर्सरी में बुकिंग करवा दी गई थी। समिति का प्रयास है कि अधिक से अधिक परिवारों तक तुलसी के पौधे पहुंचें और हर घर में हरियाली एवं स्वास्थ्य का संदेश पहुंचे। बैठक में रोहित चौबीसा, दीपक अजमेरा, भरत कुमावत, पिनाकिन दवे, निखिल पुरोहित, जितेंद्र सिंह गहलोत एवं एडवोकेट भारत कुमावत सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।




