मातृशक्ति फाउंडेशन की अनूठी पहल, एकादशी पर ठंडे गुलाबी दूध से श्रद्धालुओं की सेवा

जयपुर, मुरलीपुरा। अधिक मास की पावन एकादशी के अवसर पर मुरलीपुरा स्थित खाटू श्याम जी मंदिर में श्रद्धा, भक्ति और सेवा का सुंदर संगम देखने को मिला। इस अवसर पर मातृशक्ति फाउंडेशन की ओर से मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए विशेष रूप से दूध से तैयार किया गया शीतल गुलाबी मिल्क रोज़ प्रसाद वितरित किया गया। भीषण गर्मी के बीच ठंडा और स्वादिष्ट गुलाबी दूध पाकर श्रद्धालुओं ने प्रसन्नता व्यक्त की तथा संस्था के इस सेवा कार्य की सराहना की। मंदिर परिसर में दिनभर भक्तों की भीड़ रही और सभी ने प्रसाद ग्रहण कर बाबा श्याम का आशीर्वाद प्राप्त किया।
मातृशक्ति फाउंडेशन की अध्यक्ष सुनीता भारद्वाज ने बताया कि संस्था समय-समय पर धार्मिक एवं सामाजिक सेवा कार्यों का आयोजन करती रहती है। उनका उद्देश्य सेवा, सहयोग और मानवता के भाव को समाज में बढ़ावा देना है। इस सेवा कार्य को सफल बनाने में पिंकी गुप्ता, मानसी गुप्ता, शशि गुप्ता, मालती शर्मा, अनीता भाटरा, नीतू खंडेलवाल, सरिता माहेश्वरी, ममता गुप्ता तथा अमृता चौधरी सहित अनेक महिला सदस्यों ने सक्रिय सहभागिता निभाई और श्रद्धालुओं की सेवा में अपना योगदान दिया। कार्यक्रम का वातावरण भक्तिमय रहा तथा श्रद्धालुओं ने मातृशक्ति फाउंडेशन की इस पहल को पुण्यदायी एवं प्रेरणादायक बताया।




